रुड़की में 10 मिनट के भीतर दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या, भाई गिरफ्तार

Aadesh Live Admin
2 Min Read

रुड़की। उत्तराखंड के रुड़की में महज कुछ मिनटों के अंतराल में दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या किए जाने से सनसनी फैल गई। पहली वारदात प्रीत विहार क्षेत्र में हुई, जहां ई-रिक्शा से जा रही संगीता को गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल संगीता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

इसके करीब 10 मिनट बाद गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के सुभाष नगर में दूसरी वारदात हुई। यहां संगीता की बहन पुष्पा और उसके पति पर घर के बाहर गोली चलाई गई। हमले में पुष्पा गंभीर रूप से घायल हो गई और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, उसका पति भी गोली लगने से घायल हुआ, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एक के बाद एक वारदात से मचा हड़कंप

एक ही परिवार की दो महिलाओं की बेहद कम अंतराल में हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने दोनों घटनाओं को जोड़कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा होने की आशंका सामने आई।

बहनों के चरित्र पर शक का मामला

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान मृतक बहनों के भाई विवेक पर शक गहराया। पूछताछ में प्रारंभिक तौर पर सामने आया कि विवेक को अपनी दोनों बहनों के चरित्र पर शक था। पुलिस का दावा है कि इसी शक के चलते उसने दोनों बहनों की हत्या की।

भाई विवेक गिरफ्तार

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल के मुताबिक, पुलिस ने दोनों बहनों की हत्या के आरोप में उनके भाई विवेक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और दोनों वारदातों से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि दोनों घटनाओं को किस तरह अंजाम दिया गया और वारदात में इस्तेमाल हथियार समेत अन्य साक्ष्य कहां से मिले। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *