कोटद्वार में हाईवे पर हाथियों का तांडव, टेंपो ट्रैवलर क्षतिग्रस्त; ढाई घंटे जाम

Aadesh Live Admin
4 Min Read

शिशु हाथियों के साथ पहुंचे झुंड ने कई वाहनों को बनाया निशाना, वन विभाग की टीम ने जंगल की ओर खदेड़ा

पौड़ी गढ़वाल। लैंसडौन वन प्रभाग की कोटद्वार रेंज में सोमवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-534 पर हाथियों के एक बड़े झुंड के अचानक पहुंचने से अफरा-तफरी मच गई। झुंड ने हाईवे से गुजर रहे कई वाहनों को नुकसान पहुंचाया और एक टेंपो ट्रैवलर को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के कारण करीब ढाई घंटे तक हाईवे पर यातायात बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब पांच बजे पीडब्ल्यूडी स्टोर के पास हाथियों का झुंड अचानक हाईवे पर आ गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक टेंपो ट्रैवलर को हाथियों ने घेर लिया। वाहन में स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं सवार थे। वाहन में मध्याह्न भोजन से संबंधित सामान और शिक्षकों के लंच टिफिन भी रखे थे।

हाथियों ने वाहन को पहुंचाया भारी नुकसान

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हाथियों ने टेंपो ट्रैवलर पर हमला कर उसे काफी नुकसान पहुंचाया। वाहन में रखा सामान तहस-नहस हो गया, जबकि शिक्षकों के पर्स में रखी नकदी भी नष्ट हो गई। हाथियों के अचानक आक्रामक होने से वाहन में सवार शिक्षकों में दहशत फैल गई। सभी ने किसी तरह वाहन से दूर हटकर अपनी जान बचाई और बाद में वापस घर लौट गए।

हाथियों ने हाईवे से गुजर रहे अन्य वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया। उनकी मौजूदगी के चलते वाहन चालकों ने आगे बढ़ने का जोखिम नहीं उठाया और सुबह करीब साढ़े सात बजे तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा।

शिशु हाथियों की मौजूदगी से आक्रामक हुआ झुंड

कोटद्वार रेंज के रेंजर विपिन चंद्र जोशी ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी। उनके अनुसार कुछ वाहन चालकों ने अनजाने में झुंड का दोनों ओर से रास्ता रोक दिया था, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। नदी में जलस्तर अधिक होने के कारण हाथियों के लिए सुरक्षित रास्ता भी सीमित था।

रेंजर ने बताया कि झुंड में कई शिशु हाथी शामिल थे। बच्चों की मौजूदगी के कारण हाथी अधिक सतर्क और आक्रामक हो गए और उन्होंने वाहनों पर हमला कर दिया। वन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद हाथियों को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर खदेड़ा, जिसके बाद हाईवे पर यातायात सुचारु हो सका।

मानव-वन्यजीव संघर्ष ने बढ़ाई चिंता

हाईवे पर हाथियों के पहुंचने की इस घटना ने कोटद्वार क्षेत्र में बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष और वन्यजीव गलियारों से गुजरने वाले मार्गों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सुबह के समय हाथियों के झुंड के हाईवे पर पहुंचने से वाहन चालकों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना रहा।

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि सड़क या आसपास हाथियों का झुंड दिखाई देने पर उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखें, हॉर्न या शोर न करें और किसी भी स्थिति में उनके रास्ते को रोकने का प्रयास न करें।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *