उत्तरकाशी : जागड़ा मेले से लौट रहे ग्रामीणों की बोलेरो 200 मीटर गहरी खाई में गिरी, एक की मौत, 11 घायल

Aadesh Live Admin
4 Min Read

उत्तरकाशी/मोरी। मोरी विकासखंड की फतेहपर्वत पट्टी में खन्यासणी-पुजेली मोटर मार्ग पर मंगलवार शाम बड़ा सड़क हादसा हो गया। जागड़ा मेले से लौट रहे ग्रामीणों से भरी बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए। घायलों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं।

हादसे के बाद घटनास्थल पर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला गया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोरी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद नौ घायलों को गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर देहरादून रेफर किया गया है।

जागड़ा मेले से लौटते समय हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार, हड़वाड़ी गांव के ग्रामीण मंगलवार को खन्यासणी में आयोजित जागड़ा मेले में शामिल होने गए थे। शाम को मेले से वापस लौटते समय खन्यासणी और पुजेली गांव के बीच बोलेरो कैंपर संख्या UK 07 C 5821 अचानक अनियंत्रित हो गई। देखते ही देखते वाहन सड़क से नीचे करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए। ग्रामीणों ने खाई में उतरकर वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। देर शाम करीब सात बजे सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोरी पहुंचाया गया।

चालक समेत 12 लोग थे सवार

हादसे के समय बोलेरो कैंपर में चालक समेत कुल 12 लोग सवार थे। हादसे में हड़वाड़ी निवासी 52 वर्षीय उपेंद्र सिंह पुत्र बेगा सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। 11 अन्य लोग घायल हुए हैं।

घायलों में मस्तू (45), अरविंद्र सिंह (23), रमेश (40), राधा (28), साइकिलू (35), जगमोहन (50), शिशपाली (32), माधी देवी (35), वाहन चालक अनिल, केदार (60) और योगेश शामिल हैं। सभी घायल मोरी क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के निवासी बताए गए हैं।

मूसलाधार बारिश के बीच हुआ हादसा

ग्रामीणों के मुताबिक हादसे के समय क्षेत्र में मूसलाधार बारिश हो रही थी। खराब मौसम के साथ दूरसंचार सेवाएं बाधित होने से हादसे की सूचना प्रशासन तक पहुंचने में भी देरी हुई। सूचना मिलने के बाद मोरी पुलिस और राजस्व विभाग की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

खस्ताहाल सड़क को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश

ग्रामीणों ने खन्यासणी-पुजेली मोटर मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि सड़क लंबे समय से खस्ताहाल है। बारिश के दौरान मार्ग पर जगह-जगह फिसलन और गड्ढे हो जाते हैं, जिससे आवाजाही बेहद जोखिमपूर्ण बनी रहती है।

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मोटर मार्ग की जल्द मरम्मत कराने के साथ ही संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम दुरुस्त करने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क की स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो भविष्य में भी हादसों का खतरा बना रहेगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *